जन्माष्टमी का त्योहार भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के रूप में देशभर में मनाया जाता है। इस साल यह पर्व 4 सितंबर को मनाया जाएगा। इस अवसर पर लड्डू गोपाल को धनिया पंजीरी का भोग लगाया जाता है। इसे बाजार से खरीदने के बजाय कुछ सामान्य सामग्री की मदद से घर पर भी आसानी से तैयार किया जा सकता है।
धनिया पंजीरी के लिए सामग्री
धनिया पंजीरी बनाने के लिए एक कप ताजा पिसा हुआ धनिया पाउडर, तीन से चार बड़े चम्मच शुद्ध घी, एक कप छोटे टुकड़ों में कटे मखाने और आधा कप कटे हुए बादाम, काजू व पिस्ता लें। इसके अलावा आधा कप घिसा हुआ नारियल, स्वादानुसार आधा कप बूरा या पिसी हुई चीनी, एक बड़ा चम्मच चिरौंजी और आधा छोटा चम्मच हरी इलायची पाउडर की जरूरत होगी।
धनिया पंजीरी बनाने की विधि
सबसे पहले भारी तले की कढ़ाई में दो चम्मच शुद्ध घी गर्म करें। इसमें कटे हुए काजू, बादाम और चिरौंजी डालकर मध्यम आंच पर हल्का सुनहरा होने तक भूनें और फिर एक प्लेट में निकाल लें। उसी कढ़ाई में थोड़ा घी डालकर मखानों को कुरकुरा होने तक भूनें और उन्हें भी अलग रख दें।
अब कढ़ाई में एक चम्मच घी डालकर धनिया पाउडर मिलाएं। इसे धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए तब तक भूनें, जब तक अच्छी खुशबू आने लगे और इसका रंग थोड़ा गहरा न हो जाए। इसके बाद घिसा हुआ नारियल मिलाकर गैस बंद कर दें। कढ़ाई की गर्माहट से नारियल भी भुन जाएगा।
भुने हुए धनिए और नारियल के मिश्रण को एक बड़े बर्तन में निकालें। इसमें भुने हुए मेवे, मखाने और इलायची पाउडर अच्छी तरह मिलाएं। मिश्रण को पूरी तरह ठंडा होने दें और इसके बाद ही इसमें बूरा या पिसी हुई चीनी मिलाएं। तैयार धनिया पंजीरी को जन्माष्टमी पर भोग के रूप में अर्पित किया जा सकता है।








