हापुड़ में गंगा एक्सप्रेसवे पर पलटी तेज रफ्तार थार, चार युवकों की मौत

हापुड़ में गंगा एक्सप्रेसवे पर थार दुर्घटना

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर कई बार पलट गई। हादसे में बदायूं के चार युवकों की मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय किशोर को मामूली चोटें आई हैं। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे और सभी बदायूं से दिल्ली जा रहे थे।

सिंभावली क्षेत्र में देर रात हुआ हादसा

यह दुर्घटना सिंभावली थाना क्षेत्र में देर रात करीब 12 बजे हुई। थार गाड़ी संख्या DL 8C BL 9822 चालक के नियंत्रण से बाहर होने के बाद एक्सप्रेसवे पर कई बार पलटी और सड़क किनारे जा गिरी। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार पांचों लोग अंदर फंस गए।

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से निकाला

सूचना मिलने पर आपातकालीन सेवा 112 और सिंभावली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला और उन्हें नजदीकी सीएचसी सिखेड़ा पहुंचाया। प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि 17 वर्षीय विष्णु को मामूली चोटें आईं।

चारों मृतकों की पहचान हुई

मृतकों की पहचान बदायूं जिले के रहने वाले 26 वर्षीय जोगिंदर, 25 वर्षीय सुखबीर, 20 वर्षीय जसवंत और 20 वर्षीय रवि के रूप में हुई है। घायल विष्णु बदायूं के पालपुर गांव का निवासी है। पुलिस ने चारों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को क्रेन की सहायता से हटाकर रास्ता साफ कराया गया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *