शिमला में 28 सितंबर 2026 को कांग्रेस विचार विभाग की राज्य स्तरीय बैठक आयोजित हुई। अखिल भारतीय कांग्रेस विचार विभाग के राष्ट्रीय चेयरपर्सन कैप्टन प्रवीण डावर ने पदाधिकारियों से प्रदेश में कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करने और उसके प्रचार-प्रसार के लिए अधिक से अधिक पार्टी कार्यकर्ताओं को विभाग से जोड़ने का आह्वान किया।
राजीव भवन में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए डावर ने आरोप लगाया कि भाजपा कांग्रेस के खिलाफ बयानबाजी कर उसके नेताओं को बदनाम करने का षड्यंत्र रच रही है। उन्होंने कहा कि इसे सफल नहीं होने देना चाहिए। उन्होंने देश की स्वतंत्रता में कांग्रेस के योगदान का उल्लेख करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी की विदेश नीति की सराहना की।
डावर ने मोदी सरकार के कार्यकाल में देश की विदेश नीति कमजोर होने का आरोप लगाया। उन्होंने अमेरिका के संदर्भ में भी केंद्र सरकार की नीति की आलोचना की।
विभाग के पुनर्गठन और विस्तार की तैयारी
प्रदेश कांग्रेस विचार विभाग के प्रदेशाध्यक्ष विजय पाल ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए बताया कि प्रदेश, संसदीय क्षेत्र, जिला और ब्लॉक स्तर पर विभाग का गठन किया जा चुका है। सभी जिलों में जिला चेयरपर्सन और कोऑर्डिनेटर नियुक्त कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि नए सुझावों और दिशा-निर्देशों के आधार पर कार्यकारिणी में बदलाव एवं विस्तार के साथ जल्द पुनर्गठन भी किया जाएगा।
विजय पाल ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में विभाग को मजबूत किया जा रहा है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव और 2029 के लोकसभा चुनाव के लिए बुद्धिजीवी समाज के अधिक लोगों को प्रदेश कांग्रेस के साथ जोड़ने की योजना है।
बैठक में सभी जिला चेयरपर्सन, संसदीय कोऑर्डिनेटर और कार्यकारिणी डेलिगेट्स मौजूद रहे। इसके अलावा कामगार बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव कंवर, एसआईडीसी के उपाध्यक्ष अनुराग शर्मा, विनीत गौतम, एचपीएमसी के निर्देशक जोगिंदर गुलेरिया, डॉक्टर दिनेश शर्मा, चंद्रशेखर, जितेंद्र ठाकुर और अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

Leave a Reply