धर्मशाला के विधायक एवं भाजपा नेता सुधीर शर्मा ने जमीन की कथित खरीद-फरोख्त से जुड़े मामले में प्रकाशित कुछ खबरों पर आपत्ति जताते हुए संबंधित समाचार पत्रों और सोशल मीडिया पोर्टलों को कानूनी नोटिस भेजे हैं। उनका आरोप है कि मामले में विजिलेंस द्वारा गिरफ्तार व्यक्ति को उनका करीबी, कुक या ड्राइवर बताकर उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया गया।
सुधीर शर्मा ने कहा कि जांच के बीच प्रकाशित खबरें भ्रामक हैं और उनसे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर राजनीतिक रंजिश के कारण उन्हें निशाना बनाने का आरोप भी लगाया। शर्मा के मुताबिक, पहले उनके घर और बैंक खातों की पड़ताल हो चुकी है तथा चुनाव के दौरान उन्होंने हलफनामे में अपनी संपत्ति और वित्तीय विवरण सार्वजनिक किए थे।
![]()
उन्होंने कहा कि उनका परिवार पांच दशक से राजनीति में सक्रिय है और इससे पहले उन पर इस तरह के आरोप नहीं लगे। प्रेस नोट के अनुसार, प्रदेश के भाजपा नेताओं ने भी सुधीर शर्मा के खिलाफ कथित भ्रामक प्रचार की निंदा की है। भाजपा ने चेतावनी दी है कि राजनीतिक रंजिश के कारण विधायक को निशाना बनाए जाने पर जन आंदोलन किया जाएगा।
मानहानि का मामला दर्ज कराने की बात
सुधीर शर्मा ने कहा कि उन्होंने संबंधित अखबारों और पोर्टलों को कानूनी नोटिस भेज दिए हैं। कथित भ्रामक प्रेस नोट भेजे जाने के मामले में इस्तेमाल मोबाइल नंबर को लेकर भी शिकायत दर्ज करवाई गई है। उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज करवाकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
न्याय व्यवस्था पर भरोसा जताया
विधायक ने कहा कि कानून सबके लिए समान है और उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। उन्होंने अपनी प्रतिष्ठा की लड़ाई कानूनी तरीके से लड़ने और मामले से जुड़े तथ्य प्रदेश की जनता के सामने रखने की बात कही। साथ ही दावा किया कि विजिलेंस ने अभी तक मामले में कोई ठोस सबूत पेश नहीं किया है।

Leave a Reply