तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के भगवान राम और भगवान शिव को लेकर दिए गए बयान पर विश्व हिंदू परिषद ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने रेड्डी की टिप्पणी को हिंदू आस्था पर हमला बताते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस हिंदू समाज को बांटने का प्रयास कर रही है।
रेवंत रेड्डी ने सोमवार को दिल्ली में एक मीडिया संस्थान के कार्यक्रम में कहा था, “शिव गरीबों के भगवान हैं, राम अमीरों के भगवान हैं और भाजपा अमीरों की पार्टी है।” उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस दक्षिण भारत में सफल है, लेकिन उत्तरी राज्यों में संघर्ष करती है क्योंकि “भाजपा ने भगवान राम को चुरा लिया है।” रेड्डी के अनुसार, उत्तर भारत में राम और दक्षिणी राज्यों में शिव की पूजा होती है।
विनोद बंसल ने कांग्रेस पर लगाए आरोप
रेड्डी की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए विनोद बंसल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पिछले 76 वर्षों में जाति, पंथ, संप्रदाय, भाषा और क्षेत्र के आधार पर हिंदू समाज को बांटने की कोशिश की है। उन्होंने इसे अंग्रेजों की “फूट डालो और राज करो” नीति से जोड़ते हुए कहा कि राम को अमीरों और भोलेनाथ को गरीबों का भगवान बताना हिंदू देवी-देवताओं को बांटने का प्रयास है।
बंसल ने कहा कि उन्होंने यह कल्पना नहीं की थी कि कांग्रेस के नेता हिंदू देवी-देवताओं को भी बांटने लगेंगे। उन्होंने हिंदू आस्था से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस नेताओं के पुराने बयानों को लेकर भी पार्टी पर निशाना साधा।
कांग्रेस नेतृत्व से माफी की मांग
विहिप प्रवक्ता ने रेड्डी के उस कथित बयान का भी उल्लेख किया जिसमें उन्होंने कहा था, “कांग्रेस का मतलब मुस्लिम और मुस्लिम का मतलब कांग्रेस।” बंसल ने सवाल उठाया कि सनातन को समाप्त करने की बात करने वाले अब शिव भक्ति की बात क्यों कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस आलाकमान से स्पष्ट करने को कहा कि वह इस बयान के लिए माफी मांगेगा या नहीं।

Leave a Reply