इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में लगातार दो बड़ी हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम में बदलाव की चर्चा तेज हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान और ओपनर इमाम-उल-हक को इंग्लैंड दौरे से वापस पाकिस्तान भेजा जा सकता है। हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी PCB ने अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले स्थान पर मौजूद पाकिस्तान को लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट में इंग्लैंड ने पारी और 103 रन से हराया था। इसके बाद लॉर्ड्स में हुए दूसरे टेस्ट में भी पाकिस्तान को 194 रन से हार का सामना करना पड़ा। इन दोनों नतीजों के साथ पाकिस्तान सीरीज गंवा चुका है।
PCB अधिकारियों की बैठक में प्रदर्शन पर चर्चा
जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, दूसरे टेस्ट में हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के शीर्ष अधिकारियों ने एक अहम बैठक की। इसमें PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी, COO सुमैर अहमद, PSL CEO सलमान नसीर, पूर्व खिलाड़ी एवं वरिष्ठ सिलेक्टर आकिब जावेद और सीमित ओवर क्रिकेट के हेड कोच माइक हेसन शामिल हुए। बताया गया है कि बैठक में इंग्लैंड दौरे पर टीम के प्रदर्शन और इंटरनेशनल मीडिया में पाकिस्तान टीम को लेकर हो रही चर्चा पर चिंता जताई गई। रिपोर्ट में टीम के मौजूदा हालात को लेकर शीर्ष स्तर पर नाराजगी का दावा भी किया गया है।
इमाम की चोट पर सवाल, अब्दुल्ला फजल को मिल सकता है मौका
दूसरे टेस्ट के पहले दिन फील्डिंग के दौरान चोट लगने के बाद इमाम-उल-हक बल्लेबाजी के लिए मैदान पर नहीं उतरे थे। रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी चोट को लेकर भी संदेह जताया जा रहा है। इस बीच 23 वर्षीय अब्दुल्ला फजल को इंग्लैंड भेजे जाने की संभावना है। वह अब तक पाकिस्तान के लिए दो टेस्ट मैच खेल चुके हैं।
टेस्ट टीम की कोचिंग व्यवस्था में भी बदलाव संभव
बैठक में पाकिस्तान की टेस्ट टीम की कोचिंग व्यवस्था पर भी चर्चा होने की खबर है। सीमित ओवर क्रिकेट टीम के हेड कोच माइक हेसन को टेस्ट टीम की जिम्मेदारी देने की संभावना पर विचार किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, हेसन इंग्लैंड दौरे के बाकी हिस्से में टीम के साथ बने रह सकते हैं। ऐसा होने पर दौरे के बीच पाकिस्तान टीम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है और टेस्ट टीम के हेड कोच सरफराज अहमद के भविष्य को लेकर सवाल बढ़ सकते हैं। फिलहाल PCB की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

Leave a Reply