म्यांमार के पश्चिमी रखाइन राज्य में विद्रोही गुट के नियंत्रण वाले इलाके में एक बाजार के पास हुए हवाई हमले में कम से कम 49 लोगों की मौत हो गई, जबकि 58 अन्य घायल हुए हैं। घायलों में 22 की हालत गंभीर बताई गई है। इस हमले की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
क्याउक्ताव टाउनशिप में गिराए गए दो बम
हमला सोमवार को क्याउक्ताव टाउनशिप में हुआ, जो मांडले से करीब 340 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है। इस इलाके पर रखाइन के ताकतवर जातीय सशस्त्र समूह अराकान आर्मी का नियंत्रण है। समूह ने मंगलवार तड़के जारी बयान में दावा किया कि दोपहर के समय एक लड़ाकू विमान ने स्थानीय बाजार के पास दो बम गिराए। हमले में सामान बेचने वाले, खरीदार और पैदल चलने वाले लोग मारे गए।
![]()
अराकान आर्मी ने दी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी
अराकान आर्मी ने अपने बयान में हवाई हमले के लिए सीधे जिम्मेदार लोगों और संगठनों के खिलाफ जल्द प्रभावी जवाबी कार्रवाई करने की चेतावनी दी। समूह का आरोप है कि यह हमला जानबूझकर किया गया और इसमें बड़ी संख्या में लोग हताहत हुए।
इलाके का प्रमुख थोक केंद्र था बाजार
रखाइन में बचाव कार्य से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी वाई हुन आंग ने घटनास्थल पर मौजूद बचावकर्मियों के हवाले से हताहतों की संख्या की पुष्टि की। उनके अनुसार, यह बाजार इलाके का प्रमुख थोक केंद्र था, जहां पूरे राज्य से व्यापारी और खरीदार आते थे। उन्होंने इसे रखाइन में हुए सबसे भीषण हवाई हमलों में से एक बताया।
2021 से संघर्ष की चपेट में म्यांमार
म्यांमार में 1 फरवरी 2021 को सेना द्वारा आंग सान सू की की चुनी हुई सरकार से सत्ता छीनने के बाद से उथल-पुथल जारी है। सैन्य शासन के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए थे। सुरक्षा बलों द्वारा शांतिपूर्ण प्रदर्शनों को घातक बल से दबाए जाने के बाद सैन्य शासन के कई विरोधियों ने हथियार उठा लिए, जिससे देश के बड़े हिस्से संघर्ष की चपेट में आ गए।

Leave a Reply