धर्मशाला कॉलेज के शताब्दी वर्ष पर रेडक्रॉस-ओएसए लकी ड्रॉ शुरू, मिलेंगे 100 पुरस्कार

राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के शताब्दी वर्ष पर रेडक्रॉस-ओएसए लकी ड्रॉ का शुभारंभ

धर्मशाला, 3 सितंबर: राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित शताब्दी समारोह के तहत ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन (ओएसए) ने जिला रेडक्रॉस सोसाइटी कांगड़ा के सहयोग से ‘रेडक्रॉस-ओएसए लकी ड्रॉ’ की शुरुआत की। इस पहल का शुभारंभ उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा की उपस्थिति में किया गया। लकी ड्रॉ में 100 पुरस्कार दिए जाएंगे।

उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि महाविद्यालय के शताब्दी समारोह के तहत ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित की जा रही गतिविधियां सराहनीय हैं। जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सहयोग से लकी ड्रॉ का व्यवस्थित संचालन किया जाएगा। इससे रेडक्रॉस को मिलने वाली राशि का उपयोग गरीब, जरूरतमंद और बीमार लोगों की सहायता के लिए किया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि 100 पुरस्कारों की यह पहल महाविद्यालय के 100 वर्ष पूरे होने के उत्सव को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का बेहतर प्रयास है। उन्होंने इस पहल के लिए ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन को शुभकामनाएं भी दीं।

‘100 साल 100 पहल’ थीम पर गतिविधियां

ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव गांधी ने बताया कि महाविद्यालय के शताब्दी वर्ष में एसोसिएशन ‘100 साल 100 पहल’ की थीम के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित कर रही है। इसी क्रम में जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के साथ लकी ड्रॉ आयोजित किया जा रहा है। इसके माध्यम से 100 आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे, जिनकी कीमत लाखों में होगी।

संजीव गांधी ने कहा कि एसोसिएशन हर वर्ष लेगेसी अवॉर्ड के माध्यम से उत्कृष्ट विद्यार्थियों को लाखों रुपये की छात्रवृत्तियां प्रदान करती है। इस वर्ष सामाजिक जिम्मेदारी का विस्तार करते हुए रेडक्रॉस के साथ संयुक्त रूप से जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए यह पहल की गई है।

उन्होंने बताया कि सेंटेनरी वर्ष के दौरान एसोसिएशन की ओर से 100 स्माइल्स, 100 ड्रॉज, 100 चांस, 100 स्टार्स, 100 ड्रीम्स, 100 चीयर, 100 मोमेंट्स, 100 मेमोरीज, 100 रीजन्स और 100 रिवार्ड्स सहित कई गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

इस अवसर पर जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव ओपी शर्मा, ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन के महासचिव अश्वनी कौल, संयुक्त सचिव परविदर सिंह, मीडिया प्रभारी दिनेश शर्मा, प्रेस सचिव पवन शर्मा तथा सदस्य आरके महाजन, एनडी शर्मा और द्वारका प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *