मथुरा-वृंदावन समेत देशभर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व 4 सितंबर 2026, शुक्रवार को मनाया जाएगा। ब्रज में कान्हा के जन्मोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मस्थान से लेकर वृंदावन के प्रमुख मंदिरों तक विशेष सजावट और धार्मिक आयोजनों की तैयारी चल रही है। ब्रज के कुछ मंदिरों में आधी रात को जन्मोत्सव होगा, जबकि कुछ मंदिरों में दिन के समय ठाकुरजी का प्राकट्योत्सव मनाया जाएगा।
जन्माष्टमी 2026 की तिथि और नंदोत्सव
पंचांग के अनुसार, भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि 4 सितंबर को रात 2 बजकर 25 मिनट से शुरू होकर 5 सितंबर की रात 12 बजकर 13 मिनट तक रहेगी। उदयातिथि के आधार पर जन्माष्टमी 4 सितंबर को मनाई जाएगी। इस दिन रोहिणी नक्षत्र रात 11 बजकर 04 मिनट तक रहेगा। इसके अगले दिन 5 सितंबर को ब्रज में नंदोत्सव मनाया जाएगा।
राधारमण मंदिर में दिन में होगा महाभिषेक
वृंदावन के राधारमण मंदिर में रात के बजाय दिन में ठाकुरजी का प्राकट्योत्सव मनाने की परंपरा है। यहां 4 सितंबर को सुबह 9 बजे महाभिषेक शुरू होगा। दूध, दही, शहद, शर्करा, बूरा और जड़ी-बूटियों से करीब दो घंटे तक ठाकुरजी का अभिषेक किया जाएगा। शाहजी और राधादामोदर मंदिर में भी दिन में प्राकट्योत्सव होगा।
बांकेबिहारी मंदिर की विशेष परंपरा
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में रात 12 बजे पंचामृत से ठाकुरजी का महाभिषेक किया जाता है। इस विशेष अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालुओं को दर्शन नहीं मिलते। जन्माष्टमी पर मंदिर की परंपराओं के अनुसार विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।
मथुरा के पंचांग के अनुसार, निशीथ काल 4 सितंबर की रात 11 बजकर 56 मिनट से 5 सितंबर की रात 12 बजकर 41 मिनट तक रहेगा। इसी अवधि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का मुख्य पूजन, अभिषेक, आरती और जन्मोत्सव किया जाएगा।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर विशेष आयोजन
मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर 4 सितंबर को भव्य जन्मोत्सव होगा। श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश सुबह 5.30 बजे से रात 1.30 बजे तक रहेगा। प्रेम मंदिर, इस्कॉन मंदिर, चंद्रोदय मंदिर और रंगजी मंदिर समेत अन्य प्रमुख मंदिरों में भी जन्माष्टमी की तैयारियां चल रही हैं।
जन्माष्टमी की तारीख को लेकर क्यों होता है अंतर
अलग-अलग परंपराओं के कारण जन्माष्टमी की तारीख को लेकर कभी-कभी भ्रम की स्थिति बनती है। गृहस्थों की स्मार्त परंपरा में निशीथ काल में पड़ने वाली अष्टमी को महत्व दिया जाता है। वैष्णव परंपरा में अष्टमी तिथि के साथ रोहिणी नक्षत्र और अन्य पंचांग नियमों को भी ध्यान में रखा जाता है। इसी कारण अलग-अलग स्थानों या परंपराओं में जन्माष्टमी की तारीख अलग हो सकती है।

Leave a Reply