कांगड़ा में छह मॉडल डे बोर्डिंग स्कूलों का निर्माण जारी, पांच के उन्नयन को मंजूरी

कांगड़ा में मॉडल डे बोर्डिंग स्कूलों के निर्माण और उन्नयन कार्यों की समीक्षा बैठक

धर्मशाला में उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने राजीव गांधी मॉडल डे बोर्डिंग स्कूलों के निर्माण और उन्नयन कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने लोक निर्माण और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने तथा निर्माण की गुणवत्ता और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि कांगड़ा जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में नए मॉडल डे बोर्डिंग स्कूलों के भवनों का निर्माण प्रगति पर है। इसके साथ ही जिले के पांच मौजूदा स्कूलों को मॉडल डे बोर्डिंग स्कूल के रूप में उन्नत करने की स्वीकृति दी गई है। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा।

छह स्थानों पर बन रहे नए स्कूल भवन

उपायुक्त ने जवाली विधानसभा क्षेत्र के थांगर, ज्वालामुखी के लाहड़ू, पालमपुर के कमलेहड़, नगरोटा बगवां के रन्हूं, फतेहपुर के मंझार और जयसिंहपुर के सोलवनेहर में निर्माणाधीन छह नए राजीव गांधी मॉडल डे बोर्डिंग स्कूलों के भवनों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को इन निर्माण कार्यों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

पांच मौजूदा स्कूलों का होगा उन्नयन

बैठक में जसवां-प्रागपुर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोटला बेहड़ के साथ शाहपुर के रैत, इंदौरा, देहरा और धर्मशाला के स्कूलों के उन्नयन पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने कहा कि इन स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ पेयजल, विद्युत, शौचालय और फायर फाइटिंग सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

हेमराज बैरवा ने कहा कि मॉडल डे बोर्डिंग स्कूलों का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं के साथ समग्र विकास के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवाना है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए निर्माण और उन्नयन कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

उपनिदेशक उच्च शिक्षा अजय संबयाल ने योजना के तहत जिले में निर्माणाधीन और उन्नयन किए जा रहे स्कूलों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य और नोडल अधिकारी उच्च शिक्षा भी उपस्थित रहे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *