बातचीत नाकाम, कनाडा के 20 अरब डॉलर के सामान पर 50% टैरिफ लगाने की तैयारी में अमेरिका

नशा कम होने के सरकारी दावों पर उठे सवाल

अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापारिक तनाव बढ़ गया है। अंतिम दौर की बातचीत में समझौता नहीं होने के बाद अमेरिका करीब 20 अरब डॉलर के कनाडाई सामान पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने की तैयारी में है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर ने कहा कि कनाडा इस सप्ताह की शुरुआत में तय शर्तों के आधार पर व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए तैयार नहीं हुआ।

अमेरिका का दावा है कि उसने कनाडा को प्रमुख निर्यातकों में सबसे बेहतर व्यापारिक शर्तें देने की पेशकश की थी। दूसरी ओर, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने अमेरिकी प्रस्ताव में अंतिम समय पर किए गए बदलावों को अनुचित और आर्थिक रूप से नुकसानदायक बताया। उन्होंने कहा कि इन बदलावों से किसी भी समझौते की विश्वसनीयता पर सवाल उठते हैं।

20 अरब डॉलर के उत्पाद होंगे प्रभावित

प्रस्तावित अमेरिकी टैरिफ से कनाडा से आने वाले करीब 20 अरब डॉलर के उत्पाद प्रभावित होंगे। इनमें हॉकी स्टिक से लेकर चिकित्सा उपयोग में आने वाले टंग डिप्रेसर तक कई तरह का सामान शामिल है। यह टैरिफ कनाडा से अमेरिका को होने वाले कुल निर्यात के लगभग पांच प्रतिशत हिस्से को प्रभावित करेगा।

दोनों देशों के बीच 880 अरब डॉलर का कारोबार

अमेरिका और कनाडा के बीच पिछले साल करीब 880 अरब डॉलर के सामान और सेवाओं का व्यापार हुआ था। ऐसे में प्रस्तावित टैरिफ का असर संबंधित कंपनियों के साथ दोनों देशों के आर्थिक और राजनीतिक संबंधों पर भी पड़ सकता है।

बातचीत के लिए तीन दिन बढ़ाई गई थी समयसीमा

अमेरिका ने पहले इन टैरिफ को बुधवार रात 12:01 बजे से लागू करने की योजना बनाई थी। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बातचीत के लिए अतिरिक्त समय देने के उद्देश्य से समयसीमा तीन दिन बढ़ा दी थी। इसके बावजूद अंतिम दौर की वार्ता में कोई समझौता नहीं हो सका और कनाडाई निर्यातकों पर 50 प्रतिशत टैरिफ का खतरा बना हुआ है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *