पटना में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीयू नेता नीतीश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब आधे घंटे तक बातचीत हुई। इस दौरान जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी मौजूद रहे।
मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं
सम्राट चौधरी ने मुलाकात की तस्वीरें अपने एक्स हैंडल पर साझा कीं। उन्होंने बताया कि नीतीश कुमार के साथ उनकी शिष्टाचार भेंट हुई। सामने आई तीन तस्वीरों में दोनों नेता बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। एक तस्वीर में नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखा है, जबकि दूसरी तस्वीर में सीढ़ियों से उतरते समय भी दोनों साथ नजर आ रहे हैं। तीसरी तस्वीर में नीतीश कुमार कुर्सी पर बैठे हैं और उनके सामने मुख्यमंत्री बैठे दिखाई दे रहे हैं।
बताया गया कि मुलाकात के दौरान सम्राट चौधरी ने राज्य सरकार की ओर से कराए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी नीतीश कुमार को दी। उन्होंने अन्य मामलों से जुड़े अपडेट भी साझा किए।
हवेली खड़गपुर में तिरंगा रैली को दिखाई हरी झंडी
इससे पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्वतंत्रता दिवस से पहले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत हवेली खड़गपुर में तिरंगा रैली को हरी झंडी दिखाई और तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया। उन्होंने हवेली खड़गपुर के अंबेडकर चौक पर डॉ. बी.आर. अंबेडकर को श्रद्धांजलि भी दी।
मुख्यमंत्री ने अभियान के तहत अपने सरकारी आवास पर भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए जनसेवक के आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। उन्होंने लोगों से अपने घरों में तिरंगा फहराकर अभियान में शामिल होने की अपील की।

Leave a Reply