त्योहार, शादी या किसी खास समारोह में पारंपरिक पहनावे के साथ आकर्षक लुक के लिए इन दिनों लूज फिट कुर्ते और फरशी सलवार पसंद किए जा रहे हैं। शॉर्ट कुर्ती के साथ शरारा और गरारा सूट भी चलन में हैं। गणपति उत्सव के दौरान आलिया भट्ट, राधिका मर्चेंट, करीना कपूर और दीपिका पादुकोण अलग-अलग डिजाइन के सूट और कुर्तों में नजर आईं। ऐसे परिधान दिवाली, दुर्गा पूजा और करवाचौथ जैसे अवसरों पर भी पहने जा सकते हैं।
फरशी सलवार सूट का फैशन
शरारा और गरारा के साथ ही फरशी सलवार भी फैशन में है। इसका आकार न तो बहुत ढीला होता है और न ही यह सामान्य सलवार जैसा दिखता है। आलिया भट्ट ने हाउस ऑफ मसाबा का डिजाइनर एसिमेट्रिकल फरशी सलवार-कुर्ता सेट पहना। इसके कुर्ते पर गुलाबी रंग के तीन शेड्स में पैचवर्क एम्ब्रॉयडरी की गई थी। उन्होंने इसके साथ गोल्डन जरी की हाथ की कढ़ाई वाला टिश्यू दुपट्टा पहना।
ब्राइट रंगों और पैचवर्क का चलन
आलिया भट्ट ने गणेश उत्सव के दौरान हाउस ऑफ मसाबा का स्लीवलेस पीला डिजाइनर सूट भी पहना। इसके साथ आइस ब्लू और चमकीले पीले रंग के शेड्स वाला पैचवर्क दुपट्टा था, जिस पर बारीक हाथ की जरदोजी कढ़ाई की गई थी। यह लुक बताता है कि त्योहारों के परिधानों में ब्राइट रंगों के साथ कंट्रास्ट दुपट्टे को भी शामिल किया जा सकता है।
फ्यूशिया कुर्ते के साथ गोल्डन फरशी सलवार
गणपति विसर्जन के दौरान आलिया ने स्मूथ कूप्रो साटन से बना ‘श्वी कुर्ता सेट’ पहना। डार्क फ्यूशिया रंग के इस डिजाइनर कुर्ते के साथ गोल्डन यलो फरशी सलवार थी, जिसने परिधान को फ्लोई लुक दिया। इस तरह का कुर्ता सेट बिना दुपट्टे या अतिरिक्त लेयरिंग के भी त्योहार, पार्टी और छोटे समारोहों में पहना जा सकता है।
सिल्क कुर्ता सेट भी बना हुआ है पसंद
राधिका मर्चेंट गणपति के स्वागत के दौरान सिल्क कुर्ता सेट में नजर आईं। कुर्ते की नेकलाइन, कफ और हेम पर बारीक फूलों वाली कढ़ाई थी, जबकि इसके साथ मैचिंग कढ़ाई वाली सिल्क पैंट और ऑर्गेंजा दुपट्टा पहना गया। गणपति पूजा के दिन उन्होंने डिजाइनर सोनम लुथरिया के ‘मेड फॉर महफिल’ कलेक्शन का कारीगरी वाला को-ऑर्ड सेट कुर्ता भी पहना।
गणपति उत्सव में करीना कपूर के फुल स्लीव्स वाले पीले कुर्ते पर बारीक सिल्वर एम्ब्रॉयडरी दिखाई दी। वहीं, दीपिका पादुकोण बैंगनी फरशी सलवार सूट में नजर आईं। उन्होंने कस्टम मयूर गिरोत्रा आउटफिट पहना था। ये अलग-अलग लुक त्योहारों के लिए फरशी सलवार, सिल्क सेट, चमकीले रंग और बारीक कढ़ाई के बढ़ते चलन को दर्शाते हैं।

Leave a Reply