धर्मशाला के विधायक एवं भाजपा नेता सुधीर शर्मा ने जमीन की कथित खरीद-फरोख्त से जुड़े मामले में प्रकाशित खबरों पर कड़ा ऐतराज जताया है। उनका कहना है कि विजिलेंस द्वारा गिरफ्तार व्यक्ति को उनका करीबी, कुक या ड्राइवर बताकर भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अखबारों और सोशल मीडिया पोर्टलों को कानूनी नोटिस भेजने की जानकारी दी है।
सुधीर शर्मा ने कहा कि इन खबरों के माध्यम से उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार राजनीतिक रंजिश के कारण उन्हें निशाना बना रही है। शर्मा के अनुसार, पहले भी उनके घर और बैंक खातों की पड़ताल की जा चुकी है तथा चुनाव के दौरान उन्होंने हलफनामे में अपनी संपत्ति और वित्तीय विवरण सार्वजनिक किए थे। उन्होंने कहा कि उनका परिवार पांच दशक से राजनीति में सक्रिय है और इससे पहले उन पर इस तरह के आरोप नहीं लगे।
मानहानि का मामला दर्ज कराने की बात
विधायक ने कहा कि भ्रामक खबरों से उनकी मानहानि हुई है और इसी कारण संबंधित समाचार पत्रों एवं पोर्टलों को कानूनी नोटिस भेजे गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कथित भ्रामक प्रेस नोट भेजने के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर को लेकर शिकायत दर्ज करवाई गई है। शर्मा ने कहा कि उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज करवाकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
न्याय व्यवस्था पर भरोसा जताया
सुधीर शर्मा ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। उन्होंने अपनी प्रतिष्ठा की लड़ाई कानूनी तरीके से लड़ने और तथ्यों को प्रदेश की जनता के सामने रखने की बात कही। शर्मा ने दावा किया कि संबंधित मामले में विजिलेंस अब तक कोई ठोस सबूत पेश नहीं कर पाई है।
प्रदेश के भाजपा नेताओं ने भी सुधीर शर्मा के खिलाफ कथित भ्रामक प्रचार की निंदा की है। पार्टी ने कहा कि यदि विधायक को राजनीतिक रंजिश के कारण निशाना बनाया गया तो जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।

Leave a Reply