बिहार में भारी बारिश के कारण कई जिले प्रभावित हैं। राजधानी पटना में पुनपुन नदी का जलस्तर बढ़ने से रेल यातायात पर भी असर पड़ा है। पुनपुन और परसा बाजार रेलवे स्टेशनों के बीच ब्रिज नंबर-21 पर ट्रेनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी गई है। इसके चलते सोमवार, 7 सितंबर को चलने वाली 10 मेमू ट्रेनों को रद्द करने का फैसला किया गया है।
पटना-गया रेल लाइन पर स्थित है ब्रिज नंबर-21
पूर्व मध्य रेलवे के अनुसार, रद्द की गई सभी ट्रेनें पुनपुन और परसा बाजार रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित ब्रिज नंबर-21 से होकर गुजरती हैं। पुनपुन नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण इस ब्रिज को अस्थायी रूप से बंद किया गया है।
यह रेल खंड पटना-गया रेल लाइन पर स्थित है और पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर रेल डिविजन के अधिकार क्षेत्र में आता है। ब्रिज पर ट्रेनों की आवाजाही रोके जाने के कारण संबंधित मेमू सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
