Tag: पेंटागन

  • ईरान से जंग में 774 अमेरिकी सैन्यकर्मी हताहत, 18 की मौत और 756 घायल

    ईरान से जंग में 774 अमेरिकी सैन्यकर्मी हताहत, 18 की मौत और 756 घायल

    वॉशिंगटन में पेंटागन के सैन्य हताहत आंकड़ों के अनुसार, ईरान के साथ जंग में अब तक कुल 774 अमेरिकी सैन्यकर्मी हताहत हुए हैं। इनमें 18 सैनिकों की मौत हुई है, जबकि 756 घायल हुए हैं। यह संघर्ष छठे महीने में पहुंच गया है और हाल के दिनों में घायल सैनिकों की आधिकारिक सूची में बड़ी संख्या में नए नाम जोड़े गए हैं।

    घायल सैनिकों की संख्या बढ़ने की वजह

    पिछले कुछ हफ्तों में अमेरिका और ईरान के बीच बड़े पैमाने पर लड़ाई नहीं हुई और दोनों पक्ष काफी हद तक युद्धविराम की स्थिति में रहे। रिपोर्ट के मुताबिक, हाल में जोड़े गए कुछ आंकड़े ऐसे सैनिकों से संबंधित हो सकते हैं, जिनकी चोट सैन्य मेडिकल सिस्टम में पहले दर्ज हो गई थी, लेकिन पेंटागन के आधिकारिक हताहत डेटाबेस में उसका रिकॉर्ड बाद में दिखाई दिया। इसलिए घायलों की संख्या बढ़ने का मतलब यह जरूरी नहीं है कि हाल के दिनों में उतनी ही संख्या में नए हमले हुए हों।

    युद्धविराम खत्म, बड़े सैन्य अभियान शुरू नहीं

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जून में ईरान के साथ हुए 14 सूत्री समझौता ज्ञापन के तहत युद्धविराम की अवधि आगे नहीं बढ़ाई। युद्धविराम सोमवार को समाप्त हो गया, लेकिन इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान दोबारा शुरू नहीं हुए। हालांकि तनाव बरकरार है और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज विवाद का प्रमुख मुद्दा बना हुआ है। CNN ने बुधवार को घायल अमेरिकी सैनिकों की संख्या 750 के पार पहुंचने की जानकारी दी थी।

    28 फरवरी से 18 अमेरिकी सैनिकों की मौत

    CNN की रिपोर्ट के अनुसार, पेंटागन के डिफेंस कैजुअल्टी एनालिसिस सिस्टम यानी DCAS में ‘Overseas Operations’ और ‘Operation Epic Fury’ के आंकड़ों को मिलाने पर पता चलता है कि 28 फरवरी को ईरान के खिलाफ अमेरिका की ओर से युद्ध शुरू किए जाने के बाद से 18 अमेरिकी सैनिक मारे गए हैं। पेंटागन ने पिछले महीने DCAS में ‘Overseas Operations’ नाम की नई श्रेणी बनाई थी, जिसमें 7 जुलाई से मारे गए और घायल हुए सैन्यकर्मियों के आंकड़े शामिल किए गए हैं।

    पेंटागन के आंकड़ों को लेकर सवाल

    पेंटागन ने नई श्रेणी के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी है और यह भी स्पष्ट नहीं किया है कि इसमें दर्ज हताहत किस संघर्ष से संबंधित हैं। हालांकि 7 जुलाई को ट्रंप प्रशासन ने अमेरिकी कांग्रेस को ‘वार पावर्स एक्ट’ के तहत भेजी सूचना में बताया था कि ईरान के साथ एक नया संघर्ष शुरू हुआ है। हाल के हफ्तों में अमेरिकी रक्षा विभाग के हताहत आंकड़ों पर सवाल भी उठे हैं, क्योंकि ईरान के हमले जारी रहने के बावजूद डेटाबेस में कुछ समय के लिए मृत और घायल सैनिकों की संख्या कम हो गई थी।

    होर्मुज को लेकर तनाव बरकरार

    राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को ईरान के साथ मौजूदा स्थिति को ‘अभी बहुत अच्छी’ बताया। हालांकि वॉशिंगटन और तेहरान के बीच बातचीत फिलहाल रुकी हुई है। वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर तनाव बना हुआ है और दोनों देश इस पर अपना-अपना दावा कर रहे हैं।