Tag: सोलन

  • राजकीय महाविद्यालय कण्डाघाट में यूथ रेड क्रॉस सहायता कक्ष का लोकार्पण

    राजकीय महाविद्यालय कण्डाघाट में यूथ रेड क्रॉस सहायता कक्ष का लोकार्पण

    सोलन के उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने राजकीय महाविद्यालय कण्डाघाट में यूथ रेड क्रॉस यूनिट सहायता कक्ष का लोकार्पण किया। जिला सोलन रेड क्रॉस सोसायटी के सौजन्य से शुरू किए गए इस सहायता कक्ष का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को सहायता उपलब्ध करवाना है।

    युवाओं में सेवा और नेतृत्व की भावना विकसित करने पर जोर

    मनमोहन शर्मा ने कहा कि यूनिट के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को सहायता मिलने के साथ युवाओं को आपदा एवं अन्य संवेदनशील परिस्थितियों में मानवीय मूल्यों, सेवा के प्रति संवेदनशीलता और नेतृत्व की भावना विकसित करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि जिले की इस पहली यूनिट से रेड क्रॉस की सेवाओं का विस्तार होगा। रेड क्रॉस प्रदेश, जिला और उपमंडल स्तर पर भी सेवाएं प्रदान कर रही है।

    उपायुक्त ने लोगों से इस सुविधा की जानकारी जरूरतमंदों तक पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने युवाओं से अधिक संख्या में रेड क्रॉस सोसायटी से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियों में भागीदारी से समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी।

    रक्तदान शिविर भी आयोजित

    कार्यक्रम के दौरान रेड क्रॉस सोसायटी के माध्यम से रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया। जिला रेड क्रॉस सोसायटी सोलन के उप संरक्षक लेखराज कौशिक ने बताया कि जिले के विद्यालयों और महाविद्यालयों में 143 जूनियर रेड क्रॉस तथा यूथ रेड क्रॉस यूनिट बनाई गई हैं। इन यूनिटों को व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से जोड़ा गया है।

    इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी कण्डाघाट गोपाल चंद शर्मा, राजकीय महाविद्यालय कण्डाघाट के प्रधानाचार्य डॉ. मदन लाल मनकोटिया, स्वास्थ्य विभाग के डॉ. पीयूष शर्मा और रेड क्रॉस यूनिट कण्डाघाट की प्रभारी राज लक्ष्मी नेगी सहित रेड क्रॉस के सदस्य, कर्मचारी तथा छात्र उपस्थित रहे।