Tag: शिमला

  • कांग्रेस विचार विभाग की शिमला में बैठक, संगठन मजबूत करने पर जोर

    कांग्रेस विचार विभाग की शिमला में बैठक, संगठन मजबूत करने पर जोर

    शिमला में 28 सितंबर को राजीव भवन में कांग्रेस विचार विभाग की राज्य स्तरीय बैठक आयोजित की गई। अखिल भारतीय कांग्रेस विचार विभाग के राष्ट्रीय चेयरपर्सन कैप्टन प्रवीण डावर ने पदाधिकारियों से प्रदेश में कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करने और उसके प्रचार-प्रसार के लिए अधिक से अधिक पार्टी कार्यकर्ताओं को विभाग के साथ जोड़ने का आह्वान किया।

    बैठक को संबोधित करते हुए डावर ने आरोप लगाया कि भाजपा कांग्रेस के खिलाफ बयानबाजी कर उसके नेताओं को बदनाम करने का षड्यंत्र रच रही है। उन्होंने कहा कि इसे सफल नहीं होने दिया जाना चाहिए। उन्होंने देश की स्वतंत्रता में कांग्रेस के योगदान का उल्लेख करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी के कार्यकाल की विदेश नीति की प्रशंसा की। डावर ने मौजूदा केंद्र सरकार की विदेश नीति को कमजोर बताते हुए उसकी आलोचना भी की।

    विभाग के पुनर्गठन और विस्तार की तैयारी

    प्रदेश कांग्रेस विचार विभाग के प्रदेशाध्यक्ष विजय पाल ने बताया कि विभाग का गठन प्रदेश, संसदीय क्षेत्र, जिला और ब्लॉक स्तर पर किया जा चुका है। सभी जिलों में जिला चेयरपर्सन और कोऑर्डिनेटर नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि नए सुझावों और दिशा-निर्देशों के आधार पर कार्यकारिणी में संभावित बदलाव एवं विस्तार कर जल्द पुनर्गठन किया जाएगा।

    विजय पाल के अनुसार, वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के मार्गदर्शन में विभाग को मजबूत बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव और 2029 के लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेश कांग्रेस के साथ बुद्धिजीवी समाज के अधिक लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

    बैठक में जिला चेयरपर्सन, संसदीय कोऑर्डिनेटर और कार्यकारिणी डेलिगेट्स मौजूद रहे। इस दौरान कामगार बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव कंवर, एसआईडीसी के उपाध्यक्ष अनुराग शर्मा, विनीत गौतम, एचपीएमसी के निर्देशक जोगिंदर गुलेरिया, डॉक्टर दिनेश शर्मा, चंद्रशेखर, जितेंद्र ठाकुर और अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।