Tag: लखनऊ अपराध

  • लखनऊ में बैंक के बाहर दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात

    लखनऊ में बैंक के बाहर दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात

    उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर क्षेत्र में ICICI बैंक की एक शाखा के बाहर 37 वर्षीय दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, वारदात गुरुवार दोपहर करीब 12:15 बजे हुई। दिव्या बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। आरोप है कि उनके पति मानस बाजपेयी ने उन्हें कार से बाहर बुलाया और गोली मारने के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि दोनों के बीच वैवाहिक विवाद चल रहा था।

    CCTV में कैद हुई वारदात

    घटना के सामने आए CCTV फुटेज में मानस और दिव्या के बीच विवाद होता दिखाई दे रहा है। विवाद की जानकारी मिलने पर बैंक कर्मचारी बाहर पहुंचे, लेकिन गोली चलने के बाद वे वापस अंदर भागते नजर आए। आरोपी के मौके से जाने के बाद बैंककर्मी दिव्या की मदद के लिए आगे बढ़े। गंभीर रूप से घायल दिव्या को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

    बिना नंबर प्लेट वाले ऑटो से पहुंचने का दावा

    एक चश्मदीद के अनुसार, दिव्या अपने सहकर्मियों के साथ एक क्लाइंट से मिलकर बैंक लौटी थीं। इसी दौरान मानस बिना नंबर प्लेट वाले ऑटो से वहां पहुंचा। चश्मदीद ने दावा किया कि मानस के दोनों हाथों में पिस्टल थीं और उसने दिव्या से बात करते हुए गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर बाहर आए कर्मचारियों की ओर भी उसने पिस्टल तान दी, जिसके बाद वे बैंक के भीतर चले गए। इसके बाद आरोपी उसी ऑटो में बैठकर फरार हो गया।

    सूत्रों के मुताबिक, दिव्या ने अपने सहकर्मियों को बताया था कि कुछ दिन पहले मानस ने पीछा कर उन्हें पकड़ने की कोशिश की थी। उन्हें आशंका थी कि मानस उनकी जान ले सकता है, हालांकि इस संबंध में पुलिस के पास कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।

    हत्या के बाद व्हाट्सएप स्टेटस लगाया

    दिव्या की हत्या के बाद मानस हुसड़िया चौराहा स्थित अपने घर पहुंचा। बताया गया है कि उसने व्हाट्सएप स्टेटस के माध्यम से पत्नी की हत्या करने की जानकारी दी और इसके बाद अपनी बहन की हत्या तथा आत्महत्या करने की बात लिखी। आरोप है कि इसके बाद उसने अपनी बहन की गोली मारकर हत्या कर दी और खुद को भी गोली मार ली।

    दरवाजा तोड़कर घर में पहुंचे लोग

    मानस के पड़ोसी अंकुर ने बताया कि उसकी शादी करीब 10 साल पहले हुई थी और पति-पत्नी लगभग डेढ़ साल से अलग रह रहे थे। मानस एक सरकारी बैंक में काम करता था। व्हाट्सएप स्टेटस देखने के बाद घर का दरवाजा तोड़ा गया तो भाई-बहन दोनों बेड पर पड़े मिले। मानस के सीने पर पिस्टल पड़ी थी और कमरे में टीवी तेज आवाज में चल रहा था।