Tag: चार गुना मुआवजा

  • Email Test/ स्मार्ट बिजली मीटर और चार गुना मुआवजे की मांग पर जन अभियान चलाएगी हिमाचल किसान सभा

    Email Test/ स्मार्ट बिजली मीटर और चार गुना मुआवजे की मांग पर जन अभियान चलाएगी हिमाचल किसान सभा

    हिमाचल किसान सभा की सुन्दर नगर इकाई ने आम जनता की सहमति के बिना स्मार्ट बिजली मीटर लगाने का विरोध करने और प्रस्तावित रेल लाइन व फोरलेन परियोजनाओं से प्रभावित लोगों के लिए चार गुना मुआवजे की मांग को लेकर जन अभियान चलाने का निर्णय लिया है। यह फैसला 23 अगस्त 2026 को युवक मंडल भवन, सलाह, सुन्दर नगर में आयोजित इकाई के सम्मेलन में लिया गया। सम्मेलन में उपमंडल की विभिन्न पंचायतों से करीब 60 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

    सम्मेलन की अध्यक्षता सोहन सिंह चौहान, गुरिया राम और जगमेल ठाकुर के तीन सदस्यीय अध्यक्ष मंडल ने की। किसान सभा के जिला अध्यक्ष कुशाल भरद्वाज ने सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए अखिल भारतीय किसान सभा के इतिहास और किसान आंदोलनों में उसकी भूमिका की जानकारी दी। उन्होंने तीन कृषि कानूनों के खिलाफ 2020-21 के किसान आंदोलन और न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी सहित विभिन्न मुद्दों का भी उल्लेख किया।

    सभा के सचिव रामजी दास ने पिछले तीन वर्षों की संगठनात्मक और गतिविधि रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि किसान सभा ने किसानों, बागवानों, दुग्ध उत्पादकों, भूमिहीनों, विस्थापन से प्रभावित परिवारों और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर जनसंगठनों, किसान समितियों तथा स्थानीय समुदायों के साथ मिलकर जनजागरूकता अभियान चलाए हैं। पूर्व अध्यक्ष परस राम ने भूमि, आजीविका और अधिकारों की रक्षा के साथ उचित मुआवजा, पुनर्वास, कृषि उत्पादों के लाभकारी मूल्य तथा सार्वजनिक सेवाओं की उपलब्धता के लिए संगठित प्रयास पर जोर दिया।

    स्मार्ट मीटर और भूमि अधिग्रहण के मुद्दे पर अभियान

    नवनिर्वाचित अध्यक्ष जगमेल ठाकुर ने कहा कि उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट बिजली मीटर लगाए जाने का किसान सभा विरोध करेगी। प्रस्तावित रेल लाइन और फोरलेन परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण से प्रभावित लोगों को उचित एवं चार गुना मुआवजा, ब्याज, पुनर्वास और अन्य अधिकार दिलाने की मांग को लेकर भी अभियान चलाया जाएगा।

    उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में सर्विस रोड और नालियों का निर्माण, स्थानीय लोगों को रोजगार, खाद की पर्याप्त उपलब्धता, आवारा पशुओं की समस्या का समाधान तथा सिंचाई और सड़क सुविधाओं में सुधार जैसे विषय भी अभियान में शामिल होंगे। किसान सभा टमाटर सहित प्रमुख फसलों के उचित समर्थन मूल्य और वर्ष 2023 व 2025 में बारिश से हुए नुकसान के उचित मुआवजे की मांग भी उठाएगी।

    नई कमेटी का गठन

    सम्मेलन में 15 सदस्यीय नई कमेटी के गठन की घोषणा की गई। जगमेल ठाकुर को अध्यक्ष, गंगा राम, सुरेंदर सेन और जोगिन्दर ठाकुर को उपाध्यक्ष, रामजी दास को सचिव तथा कपूर सिंह को कोषाध्यक्ष चुना गया। गुलाम रसूल, चमन चौधरी और प्रकाश ठाकुर को सह-सचिव बनाया गया। लाल सिंह ठाकुर, कश्मीर सिंह, श्याम लाल, हेमराज वालिया, रोशन लाल, लेख राज, खूब राम और लिलाधर राणा को कमेटी सदस्य चुना गया।

    जिला किसान सभा, मंडी की ओर से जोगिन्दर वालिया ने नवनिर्वाचित कमेटी को बधाई दी। उन्होंने सुन्दर नगर क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने और किसानों व आम जनता की समस्याओं को लेकर व्यापक जन अभियान चलाने में हर संभव सहयोग देने की बात कही।