अमिताभ बच्चन के क्विज रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ में महाराष्ट्र के विशाल प्रेमचंद राठौड़ ने अपनी जिंदगी के संघर्ष के बारे में बताया। दिहाड़ी मजदूर विशाल की बातें सुनकर उनके परिजन और स्टूडियो में मौजूद लोग भावुक हो गए। अमिताभ बच्चन भी उनकी आपबीती सुनकर भावुक दिखाई दिए।
काम नहीं मिलने पर नहीं होती कमाई
हॉट सीट पर पहुंचे विशाल ने बताया कि वह दिहाड़ी मजदूरी करते हैं और दिनभर में 500 से 600 तक कमा पाते हैं। काम नहीं मिलने पर उन्हें खाली बैठना पड़ता है और उस दिन कोई कमाई नहीं होती। विशाल ने कहा कि इसी वजह से उन्हें छुट्टी से डर लगता है।
अमिताभ बच्चन के सवाल पर विशाल ने बताया कि वह अपने पिता के साथ काम की तलाश में जाते हैं। कभी-कभी दोनों को दोपहर 12 से एक बजे तक खड़े रहने के बाद भी काम नहीं मिलता। उनकी मां एक कैंटीन में झाड़ू-पोंछा लगाने का काम करती हैं। शो में विशाल के साथ उनके माता-पिता और दो बहनें भी मौजूद थीं।
पिता को कपड़े नहीं दिला पाने का दर्द
अमिताभ बच्चन ने विशाल से पूछा कि वह अपने पिता को क्या तोहफा देना चाहेंगे। इस पर विशाल ने कहा कि वह अब तक अपने पिता को कपड़े भी नहीं दिला पाए हैं। उन्होंने बताया कि त्योहारों पर बच्चों की इच्छा होती है कि वे अपने माता-पिता के लिए अच्छे कपड़े लाएं, लेकिन वह अभी तक ऐसा नहीं कर सके। उनकी बात सुनकर उनके पिता सहित परिवार के सदस्य रो पड़े।
विशाल ने अपने गांव के छोटे घर की मरम्मत और बहनों की पढ़ाई का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि उनकी बहनें अच्छी तरह पढ़ सकें और वह स्वयं भी पढ़ाई पर ध्यान लगा सकें। उनके संघर्ष की कहानी सुनकर स्टूडियो का माहौल भावुक हो गया।
