Tag: श्रीरेणुकाजी

  • मुख्यमंत्री सुक्खू बुधवार को श्रीरेणुकाजी में करेंगे विकास योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास

    मुख्यमंत्री सुक्खू बुधवार को श्रीरेणुकाजी में करेंगे विकास योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास

    मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बुधवार को सिरमौर जिले के श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे पर करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान वह सड़कों, सरकारी भवनों, स्वास्थ्य सुविधा और पेयजल योजनाओं से जुड़े विभिन्न कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

    अनाडेल से हेलीकॉप्टर के जरिए पहुंचेंगे संगड़ाह

    मुख्यमंत्री 23 सितंबर को सुबह 11:20 बजे शिमला के अनाडेल से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होंगे और सुबह 11:45 बजे संगड़ाह के समीप हथोड़ा बाग हेलीपैड लुधियाना पहुंचेंगे। वहां से वह सुबह 11:50 बजे सड़क मार्ग से जावगधार के लिए प्रस्थान करेंगे और दोपहर 12:05 बजे जावगधार पहुंचेंगे। यहां उनके दोपहर के भोजन का कार्यक्रम निर्धारित है।

    मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजे जावगधार से माईना बाग के लिए रवाना होंगे और दोपहर 1:30 बजे वहां पहुंचेंगे। माईना बाग में वह श्रीरेणुकाजी के पूर्व विधायक एवं पूर्व सीपीएस स्वर्गीय डॉ. प्रेम सिंह की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। डॉ. प्रेम सिंह कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार के पिता थे। मुख्यमंत्री इस दौरान हेल्थ कैंप और ब्लॉक डोनेशन कैंप का दौरा कर उनका निरीक्षण भी करेंगे।

    सड़क, बस स्टैंड और तहसील कार्यालय के कार्यों का शिलान्यास

    माईना बाग में मुख्यमंत्री चढ़ाना घाटी-लोधिया सड़क और ददाहू-बिरला सड़क के दो किलोमीटर से चार किलोमीटर तक के हिस्से का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा नोहराधार में नए बस स्टैंड ब्लॉक और तहसील कार्यालय भवन का भी शिलान्यास किया जाएगा।

    सीएचसी, सड़कों और पेयजल योजनाओं का उद्घाटन

    मुख्यमंत्री नवनिर्मित सीएचसी नोहराधार-2, आठ किलोमीटर लंबी नोहराधार-चूड़धार सड़क और पांच किलोमीटर लंबी चढ़ाना-गुड्डागधार सड़क का उद्घाटन करेंगे। वह चढ़ाना तथा ग्राम पंचायत चढ़ाना तहसील संगड़ाह के गांवों के समूह के लिए बनी पेयजल योजना का भी लोकार्पण करेंगे। सांगना सताहन और ग्राम पंचायत सांगना सताहन के गांवों के लिए तैयार पेयजल योजना का उद्घाटन भी कार्यक्रम में शामिल है।

    विकास योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के बाद मुख्यमंत्री माईना बाग में जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा समाप्त होने के बाद वह हेलीकॉप्टर से शिमला के लिए रवाना होंगे।