Tag: अयोध्या

  • राम मंदिर के पहले सीईओ पर 2 सितंबर को हो सकता है फैसला, ट्रस्ट की बैठक में होगी चर्चा

    राम मंदिर के पहले सीईओ पर 2 सितंबर को हो सकता है फैसला, ट्रस्ट की बैठक में होगी चर्चा

    अयोध्या स्थित राम मंदिर के पहले सीईओ के नाम पर बुधवार, 2 सितंबर को फैसला हो सकता है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक मणिराम दास जी की छावनी में दोपहर 3 बजे से प्रस्तावित है। बैठक में सीईओ चयन समिति की रिपोर्ट पर चर्चा की जाएगी।

    राम मंदिर परिसर में मंगलवार को हुई बैठक में चयन समिति के पदाधिकारियों के साथ ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि महाराज, कार्यवाहक महासचिव कृष्ण मोहन, अयोध्या के जिला मजिस्ट्रेट शशांक त्रिपाठी और निर्मोही अखाड़ा के महंत व ट्रस्ट सदस्य दिनेंद्र दास मौजूद रहे।

    तीन नाम किए गए शॉर्टलिस्ट

    सीईओ के चयन के लिए गठित तीन सदस्यीय सर्च कमेटी ने तीन नाम शॉर्टलिस्ट किए हैं। कमेटी में सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल विष्णु कांत चतुर्वेदी, पूर्व वैज्ञानिक सुरेश हवारे और पूर्व जस्टिस प्रमोद कोहली शामिल थे। कमेटी ने मंगलवार को अपनी रिपोर्ट सौंप दी।

    ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि महाराज ने कहा कि रिपोर्ट पर बुधवार को होने वाली बैठक में चर्चा की जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि राम मंदिर के पहले सीईओ के नाम की घोषणा हो सकती है, हालांकि नाम घोषित करना है या नहीं, इसका अंतिम फैसला ट्रस्ट करेगा।

    ट्रस्ट के खाली पदों पर भी हो सकता है निर्णय

    बैठक में राम मंदिर ट्रस्ट के तीन खाली पदों पर नियुक्ति को लेकर भी घोषणा हो सकती है। पूर्व महासचिव चंपत राय और सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफे तथा राजा विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र के निधन के बाद ये पद खाली हैं।

    सचिव पद पर जगदीश आफले के नाम की चर्चा

    उपलब्ध जानकारी के अनुसार, ट्रस्ट के सचिव पद के लिए जगदीश आफले की नियुक्ति लगभग तय मानी जा रही है और उनके नाम की आधिकारिक घोषणा बुधवार को हो सकती है। साहित्यकार यतीन्द्र मिश्रा, विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय महासचिव बजरंग लाल बांगड़ा और केंद्रीय परामर्श समिति के सदस्य दिनेश जी के भी ट्रस्ट में शामिल होने की संभावना बताई गई है।